Kawad Yatra 2026: बांका में कांवड़ियों के लिए पहली बार 'जीविका दीदी की रसोई'

बांका में इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान कांवड़ियों के लिए एक नई पहल की गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से जीविका समूह की रसोई का संचालन किया जा रहा
बांका में इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान कांवड़ियों के लिए एक नई पहल की गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से जीविका समूह की रसोई का संचालन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह रसोई कांवड़िया पथ के 13 स्थानों पर स्थापित की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर भोजन प्रदान करना और महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ना है। इस पहल के तहत कांवड़ियों को 80 रुपये में एक थाली में चावल, दाल, सब्जी, भुजिया, पापड़ और आचार जैसे व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी रसोई केंद्रों पर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जीविका के जिला प्रबंधक राकेश कुमार ने मंगलवार को कांवड़िया पथ पर संचालित होने वाली रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी रसोई संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे भोजन की गुणवत्ता बनाए रखें और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। राकेश कुमार ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन इन रसोई केंद्रों में आठ से दस हजार कांवड़ियों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक रसोई केंद्र के संचालन और निगरानी के लिए एक-एक प्रबंधक की तैनाती की गई है, जो नियमित रूप से भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।



















