Teacher Brutally Beats Two Students in Balrampur: बलरामपुर के डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में खेल शिक्षक ने 2 छात्रों को बेरहमी से पीटा

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित प्रेमनगर में डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में 2 छात्रों के साथ क्रूरता से पिटाई का मामला सामने आया है।
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित प्रेमनगर में डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में 2 छात्रों के साथ क्रूरता से पिटाई का मामला सामने आया है। छात्रों के परिजनों का आरोप है कि खेल शिक्षक गंगाधर ने उन्हें कमरे में बंद कर क्रिकेट के स्टंप से पीटा। इस घटना के बाद दोनों छात्रों के पीठ पर गंभीर चोटों के निशान बन गए हैं। परिजनों का कहना है कि शिक्षक ने उन्हें धमकी भी दी थी कि यदि वे इस बारे में किसी को बताएंगे, तो उन्हें गंभीर मामले में फंसाया जाएगा। इस मामले की शिकायत परिजनों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से की है। घटना के उजागर होने के बाद स्कूल प्रशासन ने खेल शिक्षक को उनके पद से हटा दिया है।
पिछले एक वर्ष में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कई स्कूलों में शिक्षक के अनुशासनहीनता के मामले सुर्खियों में रहे हैं। कभी शिक्षक नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचते हैं, तो कभी वे छात्रों को गलत स्पेलिंग लिखवाते हैं। ऐसे ही एक मामले में, शिक्षक ने छात्रों को शारीरिक दंड देने के लिए क्रिकेट के स्टंप का सहारा लिया, जो कि अत्यंत निंदनीय है।
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चे छुट्टी के बाद घर पहुंचे। परिजनों ने उनके चेहरे पर उदासी और पीठ पर चोट देखी, जिससे उन्हें शिक्षक की करतूत का पता चला। गंगाधर की धमकी के कारण दोनों छात्र डरे हुए थे और वे अपने परिजनों से भी इस बारे में बात करने में हिचकिचा रहे थे।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन, प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत की और कहा कि यदि बच्चों ने कोई गलती की थी, तो उन्हें पहले ही बताया जाना चाहिए था। इस तरह का शारीरिक दंड देना उचित नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शिक्षक को पद से हटा दिया है और मामले की जांच जारी है।

















