Teachers Protest in UP: पुरानी पेंशन बहाली समेत 15 मांगों को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली और अन्य 15 मांगों के समर्थन में प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिल
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली और अन्य 15 मांगों के समर्थन में प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) कार्यालयों के सामने आयोजित किया गया, जहां शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर अपनी लंबित मांगों के त्वरित निस्तारण की अपील की। इस प्रदर्शन में शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, तदर्थ शिक्षकों का विनियमन, और जीपीएफ खातों में एनपीएस की धनराशि का स्थानांतरण करने की मांग की। शिक्षकों ने यह भी कहा कि उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना चाहिए, जैसा कि अन्य राज्य कर्मचारियों को मिलता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन के तीन साल बाद भी सेवा नियमावली का न बनना एक गंभीर मुद्दा है।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल है। इसके साथ ही, तदर्थ शिक्षकों का विनियमन कर तदर्थवाद को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। शिक्षकों ने यह भी मांग की कि पुरानी पेंशन से आच्छादित शिक्षकों के जीपीएफ खातों में एनपीएस की धनराशि को ब्याज सहित स्थानांतरित किया जाए। इसके अलावा, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, और कार्यवाहक प्रधानाचार्यों के वेतन भुगतान से संबंधित पूर्व प्रविधानों की धारा 12, 18 और 21 को नए शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में लागू करने की मांग की गई।



















