Dengue outbreak in Moga: मोगा में डेंगू के नए मामले सामने आने से हड़कंप, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

मोगा में डेंगू के नए मामलों के सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की रोकथाम के लिए अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। व
मोगा में डेंगू के नए मामलों के सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की रोकथाम के लिए अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. अशोक सिंगला ने एंटी डेंगू अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और वहां चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट्स नर्सरी, इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के इलाकों में मच्छरों के लार्वा की जांच की। स्वास्थ्य टीमों ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया और उन्हें सलाह दी कि वे अपने घरों और आसपास की जगहों को साफ-सुथरा रखें, पानी जमा न होने दें और सप्ताह में कम से कम एक बार पानी रखने वाले बर्तनों को अच्छी तरह से साफ करें।
निरीक्षण के दौरान, डॉ. अशोक सिंगला ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों की भागीदारी बहुत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने दिया जाए तो मच्छरों की उत्पत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जारी रखने के निर्देश भी दिए। इस बीच, जिले में इस सीजन का पहला डेंगू संक्रमण सामने आने के बाद चार नए मामले भी दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।



















