Health Alert in Gujarat: चांदीपुरा वायरस से 22 बच्चों की मौत

गुजरात में हाल ही में हुई भारी बारिश के बीच चांदीपुरा वायरस का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक इस वायरस से जुड़े 184 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, ज
गुजरात में हाल ही में हुई भारी बारिश के बीच चांदीपुरा वायरस का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक इस वायरस से जुड़े 184 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से 35 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि चांदीपुरा वायरस से अब तक 22 बच्चों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में राज्य के विभिन्न सिविल अस्पतालों में सात संक्रमित बच्चों का इलाज चल रहा है, जबकि छह बच्चों को उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी संदिग्ध मामले चांदीपुरा वायरस के नहीं हैं, और उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चांदीपुरा वायरस के मामलों की संख्या किसी एक जिले या गांव तक सीमित नहीं है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से मामले सामने आ रहे हैं, जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे राज्य में निगरानी और सर्वेक्षण कर रही हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि कच्चे घरों और मिट्टी की दीवारों में बनी दरारों को तुरंत भर दें। इसके अलावा, पशुपालन वाले इलाकों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। सभी सरकारी और निजी बाल रोग विशेषज्ञ अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वायरस के लक्षण वाले बच्चों को तुरंत ऑक्सीजन और वेंटिलेटर सुविधा वाले आईसीयू बेड में भर्ती किया जाए।



















