New Medical Records Department at MGM: एमजीएम अस्पताल में खुलेगा नया मेडिकल रिकॉर्ड विभाग, सर्विस भवन की चौथी मंजिल पर रहेगा मरीजों का पूरा डेटा

महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों के इलाज से जुड़ी महत्वपूर्ण रिपोर्ट और दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए एक नया मेडिकल रिकॉर्ड विभाग
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों के इलाज से जुड़ी महत्वपूर्ण रिपोर्ट और दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए एक नया मेडिकल रिकॉर्ड विभाग (MRD) स्थापित किया जा रहा है। यह विभाग अस्पताल परिसर के सर्विस भवन की चौथी मंजिल पर स्थित होगा। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने सोमवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस नए विभाग के माध्यम से मरीजों के पुराने रिकॉर्ड को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे इलाज में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
मेडिकल रिकॉर्ड विभाग (MRD) को किसी भी अस्पताल का डेटा सेंटर माना जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य ओपीडी (OPD) और आईपीडी (IPD) का रिकॉर्ड, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच रिपोर्ट, एक्सरे, ऑपरेशन का विवरण, डिस्चार्ज समरी और मरीज के चिकित्सीय इतिहास को एक ही स्थान पर सुरक्षित रखना है। इससे मरीजों को पुराने डिस्चार्ज समरी या मेडिकल पेपर खोने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। नया विभाग शुरू होने से बरसों पुराना रिकॉर्ड भी एक क्लिक में उपलब्ध रहेगा, जिससे डॉक्टर मरीज का पूरा बैकग्राउंड देखकर सटीक इलाज कर सकेंगे।



















