Advanced X-Ray Scanners Installed: नई दिल्ली के चार पार्सल केंद्रों पर एडवांस्ड एक्स-रे स्कैनर लगाए गए

नई दिल्ली। रेलवे के पार्सल केंद्रों पर सामान की जांच की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए दिल्ली के चार प्रमुख पार्सल केंद्रों, जिनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हज
नई दिल्ली। रेलवे के पार्सल केंद्रों पर सामान की जांच की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए दिल्ली के चार प्रमुख पार्सल केंद्रों, जिनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निज़ामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल शामिल हैं, में एडवांस्ड एक्स-रे स्कैनिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। यह कदम असामाजिक तत्वों द्वारा पार्सल वैन में प्रतिबंधित वस्तुओं को लोड करने की घटनाओं को रोकने के लिए उठाया गया है। पहले, इन केंद्रों पर केवल ग्राहक द्वारा दी गई लिखित जानकारी के आधार पर सामान को लोड करने की अनुमति दी जाती थी, जिससे कई बार खतरनाक सामान पार्सल वैन में भेजा जाता था। अब इस नई प्रणाली के माध्यम से खतरनाक और प्रतिबंधित वस्तुओं का पता लगाना संभव हो सकेगा। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
इस नई व्यवस्था के तहत, प्रत्येक पार्सल को स्कैनर से गुजारा जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी ज्वलनशील पदार्थ, बैटरी या अन्य प्रतिबंधित सामान पार्सल के माध्यम से नहीं भेजा जा सकेगा। उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली के लागू होने से सुरक्षित ट्रेन परिचालन को बढ़ावा मिलेगा। इससे तस्करों द्वारा ड्रग्स और अन्य अवैध सामान को छिपाकर भेजने की घटनाओं में कमी आएगी। उदाहरण के लिए, सितंबर 2024 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हावड़ा और मुंबई से आने वाली ट्रेनों से लगभग चार करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी बरामद की गई थी। इसी तरह, मई में ओखला से बेंगलुरु जा रही लीज्ड पार्सल ट्रेन से बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट बरामद हुई थी।
















