Gas Pipeline in Bhagalpur: अक्टूबर से शहर में बिछेगी गैस पाइपलाइन, 35 हजार घरों को मिलेगा लाभ

भागलपुर में पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस (पीएनजी) और सिटी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के तहत भागलपुर, मुंगेर और लखी
भागलपुर में पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस (पीएनजी) और सिटी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के तहत भागलपुर, मुंगेर और लखीसराय क्षेत्र में गैस अवसंरचना का विकास किया जा रहा है। सांसद अजय कुमार मंडल ने संसद के मानसून सत्र में इस विषय पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी द्वारा दी गई जानकारी का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि मुंगेर से भागलपुर तक बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन मुंगेर के तेलिया तलाब से अजगैवीनाथ तक पहुंच गई है, और अब अक्टूबर से भागलपुर शहर की ओर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। इस कार्य में 12 इंच व्यास के स्टील पाइप का उपयोग किया जा रहा है। पहले चरण में लगभग 31 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डाली जा रही है, जिसके लिए लगभग 350 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। सांसद मंडल ने कहा कि उनका लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित और सस्ती रसोई गैस पहुंचाना है।
इस परियोजना के अंतर्गत, मंत्रालय ने बताया कि 31 मई 2026 तक इस क्षेत्र में 12,861 घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा, 1,215 इंच-किलोमीटर लंबी गैस पाइपलाइन भी बिछाई जा चुकी है। स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 12 सीएनजी स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को किफायती और पर्यावरण अनुकूल ईंधन उपलब्ध हो रहा है। जिले में एक जुलाई तक 7.35 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन भी उपलब्ध हैं, जिनमें से 3.90 लाख कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए हैं। जिले में 58 एलपीजी वितरक और 103 पेट्रोल-डीजल खुदरा बिक्री केंद्र भी कार्यरत हैं।
















