Brave Girl Defends Herself: नाथनगर रेलवे स्टेशन पर मनचलों को दिया सबक

नाथनगर (भागलपुर) से संवाद सूत्र। 'मुझसे मत टकराना, चूर-चूर कर दूंगी...' यह एक साधारण वाक्य नहीं, बल्कि एक साहसी किशोरी की हिम्मत का प्रतीक है जिसने नाथनगर रेलवे
नाथनगर (भागलपुर) से संवाद सूत्र। 'मुझसे मत टकराना, चूर-चूर कर दूंगी...' यह एक साधारण वाक्य नहीं, बल्कि एक साहसी किशोरी की हिम्मत का प्रतीक है जिसने नाथनगर रेलवे स्टेशन पर मनचलों को उनकी औकात दिखा दी। गुरुवार को दिनदहाड़े प्लेटफॉर्म संख्या एक के निकट एक किशोरी के साथ छेड़खानी की गई और उसे जबरन अगवा करने का प्रयास किया गया। लेकिन किशोरी ने अपनी अदम्य सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बदमाशों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने भागलपुर रेल थाना में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की निवासी किशोरी गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे बाजार में अपनी दुकान खोलने जा रही थी। जैसे ही वह नाथनगर स्टेशन के निकट पहुंची, तीन मनचले पहले से घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने उसे रोककर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। किशोरी ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जबरन पकड़कर सुनसान स्थान की ओर खींचने का प्रयास किया। लेकिन किशोरी ने घबराने के बजाय साहस दिखाया। उसने तुरंत जमीन पर पड़े ईंट-पत्थर उठाए और 'चूर-चूर कर दूंगी' की चेतावनी देते हुए उन पर हमला कर दिया। किशोरी के अचानक इस साहसिक कदम और जोर-जोर से शोर मचाने के कारण बदमाश डर गए और भाग खड़े हुए।
















