Falling Ice from Plane: उड़ते प्लेन से घर पर गिरा बर्फ का टुकड़ा, अब एयरलाइन को देने होंगे इतने पैसे

कैलिफोर्निया के इंगलवुड शहर में एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल के घर पर आसमान से बर्फ का एक बड़ा टुकड़ा गिरा। यह घटना 1 जनवरी 2024 की र
कैलिफोर्निया के इंगलवुड शहर में एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल के घर पर आसमान से बर्फ का एक बड़ा टुकड़ा गिरा। यह घटना 1 जनवरी 2024 की रात करीब 8 बजे हुई, जब माइकल रीस और लिया फेरारिनी अपने घर के अंदर थे। अचानक, एक उड़ते हुए विमान से गिरा बर्फ का टुकड़ा उनके बेडरूम की छत को तोड़ते हुए सीधे उनके बिस्तर के ऊपर गिर गया। इस घटना में दोनों बाल-बाल बच गए, लेकिन यह घटना उनके लिए एक बड़ा सदमा बन गई। जांच के दौरान पता चला कि यह बर्फ का टुकड़ा जेटब्लू एयरवेज के विमान से गिरा था, जो न्यूयॉर्क से लॉस एंजेलिस जा रहा था। इस घटना के बाद कपल ने एयरलाइन के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दायर किया, जिससे यह मामला कोर्ट तक पहुंचा।
कोर्ट में समझौते के बाद इस मामले का निपटारा हुआ, लेकिन दोनों पक्षों ने समझौते की राशि को सार्वजनिक नहीं किया। कपल ने अपने घर की छत की मरम्मत के लिए 11 हजार डॉलर से अधिक और मानसिक तनाव के इलाज के लिए करीब 5,600 डॉलर का दावा किया था। इसके अलावा, माइकल रीस ने यह भी बताया कि इस हादसे के कारण उन्हें काम पर नहीं जा पाने के चलते लगभग 84 हजार डॉलर का नुकसान हुआ। कैलिफोर्निया के टॉरेंस सुपीरियर कोर्ट के जज एलन बी. हनीकट ने इस समझौते को मंजूरी दे दी। जेटब्लू के वकीलों ने कहा कि यह समझौता दोनों पक्षों के लिए उचित है, लेकिन एयरलाइन ने यह भी कहा कि अगर मामला ट्रायल तक जाता, तो उनके पास अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने के लिए मजबूत कानूनी दलीलें थीं।
















