Fire in Cluster Bus in Delhi: दिल्ली में सड़क पर दौड़ती क्लस्टर बस में भड़की आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक

पश्चिमी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 में बुधवार को एक क्लस्टर बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उस समय हुई जब बस सड़क पर तेज गति से चल रही थी। देखत
पश्चिमी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 में बुधवार को एक क्लस्टर बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उस समय हुई जब बस सड़क पर तेज गति से चल रही थी। देखते ही देखते, आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था। बस के चालक और परिचालक की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टलने में मदद की। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-23 थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि द्वारका सेक्टर-22 डिपो की बस आग की लपटों में घिरी हुई थी। दमकल विभाग की टीम ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया।
बस के चालक चंदन सिंह और परिचालक विवेक दहिया ने पुलिस को बताया कि बस सेक्टर-22 डिपो से द्वारका मोड़ की ओर जा रही थी। उस समय बस पूरी तरह से खाली थी और उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। अचानक, रास्ते में इंजन के हिस्से से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट पाया गया है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में किसी प्रकार की साजिश या लापरवाही के संकेत नहीं मिले हैं। घटना पूरी तरह से दुर्घटनावश प्रतीत होती है। इस घटना के बाद, डीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
















