Tragic incident in Hazaribagh: स्कूल से निकलकर नदी किनारे रील बनाने गए छात्र की डूबने से मौत

हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी, जहां एक 15 वर्षीय छात्र हिमांशु राज, जो डीएवी पब्लिक स्कूल की नौवीं कक्षा का छात्र था, स्कूल जाने के लिए
हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी, जहां एक 15 वर्षीय छात्र हिमांशु राज, जो डीएवी पब्लिक स्कूल की नौवीं कक्षा का छात्र था, स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे, हिमांशु अपने घर से स्कूल के लिए निकला और रास्ते में अपने पांच दोस्तों के साथ बेलवा नदी की ओर चला गया। जानकारी के अनुसार, बच्चे नदी किनारे पत्थरों पर मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान हिमांशु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। उसे डूबता देख उसके एक साथी ने उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा। इस घटना के बाद तीन अन्य बच्चे घबरा कर मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन हिमांशु को बचाया नहीं जा सका। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हिमांशु के मामा विनोद कुमार दास ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 2:39 बजे हादसे की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस घटना ने न केवल मृतक के परिवार को बल्कि पूरे छात्र समुदाय और स्कूल प्रशासन को भी गहरे शोक में डाल दिया है।
हिमांशु राज की पहचान कटकमदाग के पसई गांव के निवासी और कोडरमा के चंदवारा थाना में पदस्थ पुलिसकर्मी धर्मेंद्र कुमार के छोटे पुत्र के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ नूतन नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और प्रतिदिन निजी वैन से स्कूल आता-जाता था। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्कूल के प्राचार्य डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि हिमांशु बुधवार को विद्यालय में उपस्थित नहीं हुआ था। यह घटना न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि उसके दोस्तों और शिक्षकों के लिए भी एक बड़ा सदमा है।
















