Government Action on Dark Patterns in Online Shopping: सरकार का ऑनलाइन शॉपिंग में 'डार्क पैटर्न' पर एक्शन, Zepto, IndiGo, PW समेत 9 प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई

केंद्र सरकार ने ऑनलाइन शॉपिंग और फूड ऑर्डरिंग के दौरान उपभोक्ताओं से छिपे हुए चार्जेज वसूलने और बिना अनुमति के डोनेशन या सदस्यता जोड़ने पर सख्ती बरतने का निर्णय
केंद्र सरकार ने ऑनलाइन शॉपिंग और फूड ऑर्डरिंग के दौरान उपभोक्ताओं से छिपे हुए चार्जेज वसूलने और बिना अनुमति के डोनेशन या सदस्यता जोड़ने पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने इस संदर्भ में Zepto, PhysicsWallah, IndiGo सहित नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई की है। सरकार ने राज्यसभा में यह जानकारी दी कि इन कंपनियों को इस तरह की ऑनलाइन प्रथाओं को समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने संसद में एक लिखित उत्तर में बताया कि डिजिटल मार्केटप्लेस में डार्क पैटर्न्स के खिलाफ कार्रवाई को तेज किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डार्क पैटर्न गाइडलाइंस के उल्लंघन के मामलों में CCPA ने अब तक लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है। इसके अतिरिक्त, जून 2025 तक सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को सेल्फ ऑडिट करने और ऐसे पैटर्न की पहचान कर उन्हें हटाने के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की गई थी।
डार्क पैटर्न प्रिवेंशन एंड रेगुलेशन गाइडलाइंस, 2023 के अंतर्गत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अपनाई जाने वाली 13 प्रकार की भ्रामक प्रथाओं की पहचान की गई है। इनका उद्देश्य ग्राहकों को भ्रमित करना या उनकी पसंद को प्रभावित करना है। इनमें फॉल्स अर्जेंसी, बास्केट स्नीकिंग, ड्रिप प्राइसिंग, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, कन्फर्म शेमिंग और ट्रिक क्वेश्चन जैसी प्रथाएँ शामिल हैं। सरकार के अनुसार, Zepto Marketplace पर सबसे अधिक 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में पाया गया कि चेकआउट के दौरान ग्राहकों के बिल में हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप फीस अपने आप जोड़ दी जाती थी। CCPA ने हैंडलिंग फीस को ड्रिप प्राइसिंग और ऑटोमैटिक मेंबरशिप को बास्केट स्नीकिंग की श्रेणी में रखा। सरकार ने बताया कि कंपनी ने अब इन प्रथाओं को समाप्त कर दिया है।
















