Political Tensions Rise in Himachal: सुक्खू का दावा- भाजपा के 16 विधायक हारेंगे, जयराम का पलटवार

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के निर्माता और पहले मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर मंगलवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के निर्माता और पहले मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर मंगलवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने डा. परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। लेकिन इस श्रद्धांजलि समारोह के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के 16 विधायक अपनी सीटें नहीं बचा पाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार तेजी से गिर रहा है और यह स्थिति आगामी चुनावों में कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित होगी। मुख्यमंत्री ने बिहार में भाजपा की हार का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं में भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव परिस्थितियों के अनुरूप होते हैं और वर्तमान राजनीतिक माहौल का लाभ कांग्रेस को मिलेगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने डा. परमार के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार डा. परमार के आदर्शों पर चलते हुए आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के दावों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भविष्यवक्ता की भूमिका में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयानों को अब न तो प्रदेश की जनता और न ही उनकी अपनी पार्टी के नेता गंभीरता से लेते हैं। जयराम ने यह भी कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति और भी दयनीय होने वाली है।
















