Railway Update: आधी सीट पर भी पूरी सुविधा; ट्रेन के एसी कोच में अब RAC यात्रियों को मिलेगा कम्प्लीट बेडरोल किट

चक्रधरपुर से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने एसी कोच में रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (rac) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय
चक्रधरपुर से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने एसी कोच में रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सभी RAC यात्रियों को कम्प्लीट बेडरोल किट प्रदान किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर लव शुक्ला ने इस संबंध में सभी 18 जोनों के जनरल मैनेजर को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एसी चेयर कार को छोड़कर अन्य सभी एसी श्रेणियों में हर RAC यात्री को पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इससे पहले, कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि उन्हें पूरा बेडरोल किट नहीं दिया जा रहा था, जिसके कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता था। रेलवे बोर्ड ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और अपने पूर्व में जारी आदेशों को फिर से दोहराया है।
रेलवे बोर्ड को लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। कई यात्रियों को एक ही बेडरोल किट साझा करने के लिए मजबूर होना पड़ता था, जिससे उनकी यात्रा में कठिनाई उत्पन्न होती थी। यात्रियों ने हेल्पलाइन नंबरों पर इसकी शिकायतें दर्ज कराई थीं। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि RAC यात्रियों को कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के समान सभी सुविधाएं मिलेंगी और किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस आदेश के तहत, सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश की जानकारी ग्राउंड स्टाफ और ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ तक तुरंत पहुंचाएं।
















