Robbers in Lucknow: दिनदहाड़े घर में घुसकर 15 लाख के जेवरात और नकदी लूटकर फरार

लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर 1बी में बुधवार दोपहर करीब 2:30 ब
लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर 1बी में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। नकाबपोश बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और 15 लाख रुपये के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद और कीमती कपड़े लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
घटना के समय ज्योति मिश्रा नाम की महिला अपने घर में आराम कर रही थीं। तभी उन्होंने सास-ससुर के कमरे से आहट सुनी। जब वह वहां पहुंचीं, तो दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने ज्योति के साथ बेरहमी से मारपीट की, उनका गला दबाया और सिर को दीवार और शीशे से टकराया। इसके बाद एक बदमाश ने उनके चेहरे पर तकिया रखकर दम घुटने का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गईं। बदमाशों ने इसके बाद अलमारी में रखे जेवरात और नकदी लूट ली। घटना के समय ज्योति का पति आशीष कुमार मिश्रा किसी काम से बाहर गए हुए थे।
ज्योति के ससुर लक्ष्मीकांत मिश्रा डेंटल कॉलेज में कार्यरत हैं और उस समय ड्यूटी पर थे। आशीष ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी से करीब 1:30 बजे फोन पर बात की थी और सब कुछ सामान्य था। जब उन्होंने ढाई बजे फिर से फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। शाम को जब उनकी बहन आकांक्षा ने फोन किया, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली। आकांक्षा ने बताया कि जब वह घर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के बाहर एलईडी टीवी रखी थी और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। ज्योति फर्श पर बेसुध पड़ी थीं और उनके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। परिवार के सदस्यों ने तुरंत ज्योति को ओपी चौधरी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्हें होश आया। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
















