Tension at Araria-Nepal Border: सुनसरी हिंसा में झुलसा मधेश प्रदेश, अब तक 2 की मौत

फुलकाहा (अररिया) से संवाद सूत्र के अनुसार, नरपतगंज प्रखंड के मानिकपुर बॉर्डर से डेढ़ किलोमीटर उत्तर नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा क
फुलकाहा (अररिया) से संवाद सूत्र के अनुसार, नरपतगंज प्रखंड के मानिकपुर बॉर्डर से डेढ़ किलोमीटर उत्तर नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा का असर कोसी से मधेश प्रदेश तक फैल गया है। हाल ही में सिराहा के लहान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से सिराहा के गणेश यादव की मौत हो गई, जबकि सुभाष ठाकुर को भी गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए धरान रेफर किया गया। इस घटना के बाद सिराहा सहित मधेश प्रदेश की राजधानी जनकपुरधाम में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। नेपाल के कोसी प्रदेश की राजधानी विराटनगर में हिन्दू समाज के बैनर तले बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (सीडीओ) कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पंचमुखी हनुमान मंदिर में सनातनी समाज के लोग एकत्रित हुए और हजारों की संख्या में प्रशासन और नेपाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस स्थिति को देखते हुए विराटनगर में जिला प्रशासन कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विराटनगर बाजार को भी बंद कराया। सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे मोरंग एसपी ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि सरकार की कमेटी जांच कर रही है, इसलिए शांति बनाए रखने में सभी सहयोग करें। इस दौरान नेपाली सेना भी दिनभर विराटनगर बाजार में गश्त करती रही।
सुनसरी में दो समुदायों के बीच विवाद के बाद कोसी और मधेश प्रदेश में भड़की हिंसा को लेकर पूर्व राजा ज्ञानेन्द्र शाह ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से संयम बरतने की अपील की है और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया है। निर्मल निवास स्थित संवाद सचिवालय के माध्यम से जारी सद्भाव संदेश में सुनसरी में हुए जनधन की क्षति और इसका असर कोसी क्षेत्र तथा तराई के विभिन्न भागों में फैलने पर पूर्व राजा ने चिंता व्यक्त की है। इस बीच, देवानगंज गोलीकांड में घायल एक युवक की मौत इलाज के दौरान न्यूरो अस्पताल में हो गई। इसके साथ ही इस घटना में मृतक की संख्या दो हो गई है। मृतक युवक देवानगंज वार्ड संख्या तीन का 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता है, जिसकी मौत की पुष्टि गुरुवार को दिन के डेढ़ बजे अस्पताल के डॉक्टर ने की। मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकेंद्र कुमार मिश्र ने भी इसकी पुष्टि की। चिकित्सक के अनुसार, जयप्रकाश के पेट में गोली लगी थी और बीते सोमवार को उसका ऑपरेशन हुआ था। उसकी स्थिति नाजुक होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। वहीं, इस घटना में ओमप्रकाश मेहता की मौत भी गोली लगने से हुई थी।
















