Traffic Chaos on Pankha Road: फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण से बढ़ा जाम

पश्चिमी दिल्ली के पंखा रोड पर यातायात की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। द्वारका और पालम की ओर से उत्तम नगर और जनकपुरी जाने वाले वाहन चालकों के लिए यह मार्ग
पश्चिमी दिल्ली के पंखा रोड पर यातायात की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। द्वारका और पालम की ओर से उत्तम नगर और जनकपुरी जाने वाले वाहन चालकों के लिए यह मार्ग अब एक चुनौती बन गया है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा फ्लाईओवर के नीचे की गई खोदाई के कारण सड़क के एक हिस्से पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे पहले से ही भीड़भाड़ वाली स्थिति और भी गंभीर हो गई है। इसके अलावा, नगर निगम के कूड़ेदान और सड़क किनारे स्थित खुले गैराजों के अतिक्रमण ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है। सीतापुरी चौक के पास मुख्य सड़क पर रखे कूड़ेदान के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इन कूड़ेदानों के आसपास भोजन की तलाश में आवारा पशुओं का जमावड़ा लग जाता है, जिससे न केवल जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं, सड़क किनारे संचालित गैराजों ने फुटपाथ पर कब्जा कर रखा है, जिससे मरम्मत के लिए आने वाले वाहनों को फुटपाथ से लेकर सड़क तक कतार में खड़ा करना पड़ता है। इस कारण सड़क की चौड़ाई और भी कम हो गई है, जिससे व्यस्त समय में लंबा जाम लगना एक आम समस्या बन गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस स्थान पर यह अतिक्रमण हो रहा है, उसके ठीक बगल में डाबड़ी थाना परिसर स्थित है, जहां स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस का कार्यालय भी है। इसके बावजूद, फुटपाथ से लेकर सड़क तक फैले इस खुले अतिक्रमण के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण को हटाया नहीं गया और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
















