UP Tourism: 18.35 करोड़ की 16 परियोजनाओं पर बड़ा फैसला, गोंडा से चारों धाम तक बदलेगी तस्वीर

उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने देवीपाटन मंडल की परियोजनाओं की समीक्षा तेज कर दी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक
उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने देवीपाटन मंडल की परियोजनाओं की समीक्षा तेज कर दी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को गोंडा में करीब 18.35 करोड़ रुपये की 16 प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत गोंडा की सात, बहराइच की चार, बलरामपुर की तीन और श्रावस्ती की दो पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। गोंडा में मां नदना देवी मंदिर, जंबूद्वीप, अद्वैत स्वरूप आश्रम और भगवान कपिल मुनि आश्रम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की योजनाओं पर चर्चा की गई। इन स्थानों पर सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
स्वामीनारायण छपिया मंदिर की लगभग 22.18 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां पर्यटक सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है। मंत्री ने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए इसे तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बहराइच के प्रज्ञा शिव शक्ति मंदिर और बलरामपुर के समय माता मंदिर के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। संस्कृति विभाग की समीक्षा के दौरान गोंडा और बलरामपुर के रामलीला मैदानों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि धार्मिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।















