Vandalism in Varanasi: महापुरुषों की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ के बाद गांव में तनाव

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार की रात अराजक तत्वों ने धार्मिक और महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बनाकर माहौल को बिगाड़ने का प्रया
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार की रात अराजक तत्वों ने धार्मिक और महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बनाकर माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया। इस घटना में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और तथागत भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दी गईं। इसके अलावा, मां काली की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपने साथ ले जाया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद एसीपी सारनाथ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने इस घटना को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस घटना के पीछे की सच्चाई को उजागर करने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है।
















