Abhishek Banerjee seeks permission for eye treatment abroad: आंखों का इलाज कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति मांगने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति मांगने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने यह याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि हाई कोर्ट में उनकी याचिका पर अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। इससे पहले, कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें एसएसकेएम अस्पताल के चक्षु विभाग में जांच कराने और विशेषज्ञ की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में तीन अगस्त को होगी। अभिषेक के वकील ने बताया कि सांसद पिछले लगभग 10 वर्षों से अमेरिका में आंखों का इलाज करवा रहे हैं और वहां उनकी नियमित जांच भी होती है। उन्होंने विदेश जाने की अनुमति के लिए 20 जुलाई को याचिका दायर की थी। इस पर न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने पूछा कि क्या अभिषेक ने कोलकाता के किसी अस्पताल में आंखों की जांच कराई है। इसके जवाब में उनके वकील ने जानकारी दी कि अभिषेक ने कई बार कोलकाता के अस्पतालों में जांच करवाई है, लेकिन उनकी आंखों की बीमारी का इलाज विदेश में ही संभव है।
राज्य सरकार ने अभिषेक के विदेश जाने की अनुमति देने का विरोध किया है। राज्य के अतिरिक्त एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने तर्क दिया कि अभिषेक कई मामलों में जांच के दायरे में हैं और ऐसे में उन्हें विदेश जाने की अनुमति देने से जांच प्रभावित हो सकती है। हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कहा कि यदि अभिषेक की आंखों की बीमारी का इलाज कोलकाता में संभव नहीं है, तो पहले उन्हें एसएसकेएम अस्पताल के चक्षु विभागाध्यक्ष से जांच करानी होगी। यदि विशेषज्ञ यह राय देते हैं कि इलाज के लिए विदेश जाना आवश्यक है, तो अदालत उस चिकित्सकीय राय के आधार पर विदेश जाने की अनुमति देने पर विचार कर सकती है। अभिषेक ने विदेश में इलाज की अनुमति के लिए हाई कोर्ट में अलग से भी याचिका दायर की है, लेकिन उस मामले में जल्द सुनवाई की मांग अदालत ने खारिज कर दी थी।

















