Assembly Session in Jammu and Kashmir: 21 सितंबर से शुरू हो सकता है विधानसभा का शरदकालीन सत्र

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा का शरद सत्र 21 सितंबर से शुरू होने की संभावना है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिम
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा का शरद सत्र 21 सितंबर से शुरू होने की संभावना है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का सत्र सितंबर में बुलाने के प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद, प्रदेश सरकार ने 21 सितंबर को सत्र बुलाने की सिफारिश उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से की है। इस सिफारिश के बाद अब उपराज्यपाल की ओर से सत्र बुलाने की औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने विधानसभा सत्र को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित सत्र 21 सितंबर से शुरू होकर निर्धारित कार्य दिवसों के अनुसार चलेगा। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 के तहत विधानसभा के दो सत्रों के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं हो सकता। अधिनियम की धारा 18 के अनुसार, उपराज्यपाल विधानसभा की बैठक बुलाते हैं, लेकिन एक सत्र की अंतिम बैठक और अगले सत्र की पहली बैठक के बीच छह महीने की अवधि का अंतर नहीं होना चाहिए। विधानसभा की पिछली बैठक चार अप्रैल 2026 को हुई थी। ऐसे में नियमों के अनुसार सदन की अगली बैठक तीन अक्टूबर 2026 तक बुलाना अनिवार्य था। इसी संवैधानिक बाध्यता को ध्यान में रखते हुए सितंबर में सत्र बुलाने की तैयारी की जा रही है।
















