Bihar News: हड़ताल के बीच बड़ा एक्शन! सीवान नगर परिषद ने 81 सफाईकर्मियों की सेवाएं की समाप्त

सीवान नगर परिषद ने पिछले सात दिनों से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। नगर परिषद ने दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत 81 सफा
सीवान नगर परिषद ने पिछले सात दिनों से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। नगर परिषद ने दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत 81 सफाईकर्मियों और कुलियों की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। प्रशासन का कहना है कि इन पदों का विधिवत सृजन नहीं किया गया था और अब आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन के बाद इन कर्मियों की आवश्यकता नहीं रह गई है। नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मियों का नियोजन दैनिक पारिश्रमिक के आधार पर किया गया था, जो नियमों के अनुसार उचित नहीं था। इसी कारण सभी 81 कर्मियों का नियोजन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
नगर परिषद ने यह भी बताया है कि जो कर्मी स्वस्थ हैं और कार्य करने के इच्छुक हैं, उन्हें आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से रोजगार का अवसर दिया जा सकता है। इसके लिए संबंधित कर्मियों को आउटसोर्सिंग एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब सफाईकर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 30 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई है, जिससे प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और कई मोहल्लों में कचरे के ढेर लग गए हैं। गंदगी और दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
















