Body found in Begusarai fruit market: करंट से मौत की आशंका, पुलिस कर रही जांच-पड़ताल

बेगूसराय में मंगलवार की सुबह नगर थाना पुलिस ने फल मंडी के एक दुकान से एक अधेड़ कामगार का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा पंचायत क
बेगूसराय में मंगलवार की सुबह नगर थाना पुलिस ने फल मंडी के एक दुकान से एक अधेड़ कामगार का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा पंचायत के कारीचक निवासी महरुम मो. कैसर के 50 वर्षीय पुत्र मो. जाफर के रूप में हुई है। शव के पास एक स्टैंड फैन के गिरे तार देख कर करंट से मौत की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगा।
जानकारी के अनुसार, मो. जाफर अपने गांव के मो. खुर्शीद के गैरेज सह फल दुकान में काम करता था और अक्सर रात में दुकान में ही सो जाता था। सुबह जब लोगों ने उसे मुंह के बल पड़ा देखा, तो वहां भीड़ जुटने लगी और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच-पड़ताल की। बभनगामा पंचायत के मुखिया मो. मोख्तार ने बताया कि मो. जाफर शराब पीने का आदी था और किसी ने उसकी हत्या नहीं की है। उनकी मौत शराब के अत्यधिक सेवन या करंट की चपेट में आने से हुई है।
पुलिस ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय मुखिया ने बताया कि छह माह पूर्व मो. जाफर के भाई मो. शमीम की भी मौत हुई थी। उस समय भाई की मौत का आरोप लगने के बाद से मो. जाफर गांव से शहर आ गया था। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी कर रही है।
















