Theft at Government School in Chatra: चतरा में सरकारी स्कूल से लाखों की चोरी, चोरों ने उड़ाए 4 कंप्यूटर, प्रोजेक्टर और CCTV कैमरे

चतरा जिले के कान्हाचट्टी क्षेत्र के रामनगर उच्च विद्यालय में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। चोरों ने विद्यालय
चतरा जिले के कान्हाचट्टी क्षेत्र के रामनगर उच्च विद्यालय में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। चोरों ने विद्यालय के मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और कार्यालय सहित विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर जमकर उत्पात मचाया। इस घटना का पता शुक्रवार सुबह उस समय चला, जब शिक्षक सुजीत कुमार राम विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर कार्यालय सहित कई कमरों के ताले टूटे मिले और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में विद्यालय से चार कंप्यूटर सेट, सीसीटीवी कैमरे का पूरा सेट, इनवर्टर, स्मार्ट क्लास के दो प्रोजेक्टर, सोलर बैटरी सहित अन्य शैक्षणिक उपकरण चोरी होने की पुष्टि हुई है। वहीं पुस्तकालय कक्ष में भी चोरों ने तोड़फोड़ कर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने राजपुर थाना को जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी रूपेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरी की वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी तथा विद्यालयों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। विद्यालय प्रबंधन ने चोरी से हुई क्षति का आकलन कर विस्तृत सूची पुलिस को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है।
















