Kullu News: सेब ने दिखाई मिठास, बागवानों की बढ़ी आस

कुल्लू। भुंतर सब्जी मंडी में इस बार सेब सीजन बागवानों के लिए राहत लेकर आया है। इस सीजन में उच्च गुणवत्ता वाले सेब की कीमत 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच ग
कुल्लू। भुंतर सब्जी मंडी में इस बार सेब सीजन बागवानों के लिए राहत लेकर आया है। इस सीजन में उच्च गुणवत्ता वाले सेब की कीमत 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इस बेहतर मूल्य के चलते बागवानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनकी आमदनी में अच्छी वृद्धि होगी। देशभर में गुणवत्तापूर्ण सेब की मांग में वृद्धि के कारण पिछले एक सप्ताह से मंडियों में सेब के दाम स्थिर बने हुए हैं। सेब का आकार, रंग और गुणवत्ता में सुधार के चलते व्यापारी भी ऊंची बोली लगाने में पीछे नहीं हट रहे हैं। भुंतर सब्जी मंडी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन सेब की खेप पहुंच रही है, जिससे कारोबार में तेजी आई है। मंडी में गाला वैरायटी सेब 225 रुपये प्रति किलो, रॉयल सेब 120 रुपये प्रति किलो, ब्लैक हैंबर प्लम 115 रुपये प्रति किलो, प्लम 95 रुपये प्रति किलो, मैरीपोजा 80 रुपये प्रति किलो तथा टमाटर 25 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है।
बुधवार को टमाटर के दाम में करीब 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बागवान पवन ठाकुर, देवराज, सोनू और टीएस नेगी ने बताया कि पिछले कुछ समय से मौसम को लेकर बनी चिंताओं के बीच अच्छे दाम मिलने से उन्हें राहत मिली है। मंडी के कारोबारी वीर सिंह, सोहन सिंह ठाकुर, ईशात चौधरी और गुलशन ने कहा कि बेहतर गुणवत्ता वाले सेब को अच्छा भाव मिल रहा है। इससे न केवल बागवानों को लाभ हो रहा है, बल्कि खरीदारों को भी गुणवत्ता वाले फल उपलब्ध हो रहे हैं। इस बार के सेब सीजन ने बागवानों की उम्मीदों को एक नई दिशा दी है और उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री में बढ़ोतरी की आशा है।



















