First Commercial Container Train to Nepal: भारत की पहली सीधी वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी नेपाल पहुंची, निर्यातकों, आयातकों, लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों को होगा लाभ

एएनआई, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने कोलकाता पोर्ट से नेपाल के बिराटनगर कस्टम यार्ड के लिए पहली बार सीधी वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी का सफल संचालन किया है, जिससे भार
एएनआई, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने कोलकाता पोर्ट से नेपाल के बिराटनगर कस्टम यार्ड के लिए पहली बार सीधी वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी का सफल संचालन किया है, जिससे भारत-नेपाल माल परिवहन के संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित हुआ है। इस ट्रेन में कुल 40 वैगन शामिल थे, जो कैनोला का माल ले जा रहे थे। यह ट्रेन भारत-नेपाल रेल ट्रांजिट प्रोटोकॉल के तहत अपनी यात्रा पूरी करती है, जो कि रेल आधारित सीमा पार माल परिवहन में एक नए अध्याय का प्रतीक है। इस सफल संचालन के माध्यम से कोलकाता पोर्ट से बिराटनगर तक कंटेनरयुक्त माल का सीधा रेल परिवहन संभव हो गया है, जिससे व्यापार में तेजी आएगी। नए प्रविधान के अनुसार, ट्रांजिट समय, लॉजिस्टिक्स लागत और माल हैंडलिंग को काफी कम करने की उम्मीद है। यह पहल दोनों देशों के बीच सीमा पार व्यापार की दक्षता, विश्वसनीयता और प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करने में मदद करेगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह मील का पत्थर भारत-नेपाल रेल ट्रांजिट के संशोधित प्रोटोकाल के कार्यान्वयन के बाद संभव हुआ है, जो दोनों देशों के बीच माल के लिए निर्बाध रेल परिवहन की सुविधा प्रदान करता है। यह उपलब्धि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा जून, 2023 में उद्घाटन किए गए जोगबनी (भारत) और बिराटनगर (नेपाल) के बीच चौड़ी गेज रेल लिंक पर आधारित है। नवंबर, 2025 में संशोधित लेटर ऑफ एक्सचेंज (एलओई) पर हस्ताक्षर के बाद बिराटनगर के लिए सीधी वाणिज्यिक रेल परिवहन अब कार्यात्मक हो गया है, जो द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग के लिए नए अवसर खोलता है।



















