Marigold cultivation as an alternative to opium: खूंटी में 200 किसानों को बांटे गए 2 लाख पौधे

खूंटी जिले में किसानों की आय को बढ़ाने और वैकल्पिक आजीविका को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को खूंटी प्रखंड के विभिन्न गांवों में लगभग 200 किसानों के
खूंटी जिले में किसानों की आय को बढ़ाने और वैकल्पिक आजीविका को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को खूंटी प्रखंड के विभिन्न गांवों में लगभग 200 किसानों के बीच दो लाख गेंदा पौधों का वितरण किया गया। यह वितरण प्रदान संस्था और खूंटी महिला कृषि बागवानी स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में व्यावसायिक गेंदा फूल की खेती को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। वितरण कार्यक्रम में शामिल किसानों ने इस पहल को अपने लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा है।
गेंदा की खेती को लेकर प्रदान संस्था का कहना है कि यह खेती कम लागत में अधिक लाभ देने वाली है, जिससे यह किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। वर्तमान में खूंटी, मुरहू और अड़की प्रखंड के लगभग 1,500 किसान इस खेती से जुड़े हुए हैं। इस वर्ष के लिए किसानों के बीच 15 लाख गेंदा पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत यह वितरण अभियान चलाया जा रहा है। गेंदा की खेती ने सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में किसानों के लिए एक सम्मानजनक और टिकाऊ आजीविका का नया विकल्प प्रस्तुत किया है, जो पहले अफीम की अवैध खेती के लिए बदनाम थे।


















