Ahmedabad PG student raped by security guard: अहमदाबाद PG में छात्रा के साथ सुरक्षा गार्ड ने किया दुष्कर्म

गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक इंटीरियर डिजाइनिंग की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। यह घटना आनंदनगर के एक पेइं
गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक इंटीरियर डिजाइनिंग की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। यह घटना आनंदनगर के एक पेइंग गेस्ट (PG) में हुई। शनिवार, 8 अगस्त की रात करीब 10 बजे, जब पीड़िता PG की छत पर टहलने गई थी, तभी वहां पहले से मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे पकड़ लिया।
अहमदाबाद शहर पुलिस के जेसीपी नीरज बडगुजर ने बताया कि आरोपी ने छात्रा की गर्दन पर लोहे या प्लास्टिक के तार लपेटकर उसे पूरी तरह से काबू में कर लिया। इस कारण छात्रा चीख नहीं सकी और आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दरिंदगी के बाद आरोपी ने छात्रा का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे छत पर बंद कर मौके से फरार हो गया।
छात्रा ने किसी तरह शोर मचाया, जिससे अन्य निवासियों ने उसे बचाया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी की पहचान धर्म सिंह के रूप में की, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी है और उसे केवल 6 दिन पहले ही इस PG में नौकरी पर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घटना के बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया और शहर छोड़ने की योजना बना रहा था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रविवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी को हेबतपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।



















