Murder in Banka: जेल से बाहर आते ही युवक की संदिग्ध मौत

बांका जिले के शंभुगंज क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। करसोप स्थित चैती दुर्गा मंदिर के पास बुधवार को 28 वर्षीय जीतू कुमार का शव मिला,
बांका जिले के शंभुगंज क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। करसोप स्थित चैती दुर्गा मंदिर के पास बुधवार को 28 वर्षीय जीतू कुमार का शव मिला, जिसकी पहचान केहनीचक गांव निवासी अजय कुमार के पुत्र के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या तथा आत्महत्या दोनों पहलुओं पर ध्यान दे रही है। मृतक के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है और उन्होंने न्याय की मांग की है। जीतू के पिता अजय कुमार और मां नीरा देवी ने बताया कि उनका बेटा पुलिया के पास पानी भरे गड्ढे में मिला। परिवार का कहना है कि यह घटना संदिग्ध है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, जीतू कुमार चार दिन पहले ही खपड़ा निवासी सिक्का डॉन हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से लौटने के बाद उसकी गतिविधियों में कोई बदलाव नहीं आया था। वह नशे का आदी था और अक्सर राह चलते लोगों से गाली-गलौज कर दहशत फैलाता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम को वह अपने तीन दोस्तों के साथ चैती दुर्गा मंदिर के पास मुर्गा पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक साथी से उसका विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। आशंका जताई जा रही है कि इसी मारपीट के दौरान जीतू को अंदरूनी चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके साथी शव को पुलिया के नीचे फेंककर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।


















