Unbelievable Return: अंतिम संस्कार के बाद जिंदा लौटा शख्स, औरैया में मचा हड़कंप

औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात शव की गलत पहचान कर उसका अंतिम संस्कार करने का मामला अब कानूनी कार्रवाई की ओर बढ़ गया है। यह घटना तब सामने आई जब जि
औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात शव की गलत पहचान कर उसका अंतिम संस्कार करने का मामला अब कानूनी कार्रवाई की ओर बढ़ गया है। यह घटना तब सामने आई जब जिस व्यक्ति को मृत मानकर अंतिम संस्कार किया गया था, वह तीन दिन बाद अपने घर जीवित लौट आया। इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पुलिस और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और झूठी पहचान प्रस्तुत करने वाले तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह वास्तव में किसका था। इस मामले में इटावा, जालौन और कानपुर देहात की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। गुमशुदगी की फाइलों की जांच की जा रही है ताकि सही पहचान का पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को कानपुर-इटावा हाईवे पर भीखेपुर गांव के निकट एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव कई दिन पुराना था और चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान ग्राम सैदपुर अड्डा नंबर-3 के निवासी वृजभान सिंह, राजेश कुमार और दशरथ सिंह ने पुलिस के पास जाकर शव की पहचान कमल सिंह उर्फ छुन्ना के रूप में की। स्वजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसे अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया। लेकिन तीन दिन बाद कमल सिंह जीवित लौट आया, जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया।


















