CAT 2026 Registration Starts: 3 अगस्त से रजिस्ट्रेशन शुरू,29 नवंबर को होगी परीक्षा

जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय प्रबंधन संस्थान (iim) और अन्य प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में स्नातकोत्तर प्रबंधन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कॉमन
जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) और अन्य प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में स्नातकोत्तर प्रबंधन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2026 की पंजीकरण प्रक्रिया तीन अगस्त को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 15 सितंबर की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस वर्ष परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। विकास प्रबंधन संस्थान (डीएमआई), पटना के डीन (एकेडमिक) और IIM शिलांग के पूर्व फैकल्टी प्रो. शंकर पूर्वे ने बताया कि आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। फार्म में की गई छोटी-सी त्रुटि भी उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद होने या काउंसलिंग एवं साक्षात्कार के दौरान परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की सलाह देते हुए कहा कि अंतिम दिनों में सर्वर पर अधिक दबाव या तकनीकी समस्या के कारण कई अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक पोर्टल iimcat.ac.in पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।
आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियों का सही-सही उल्लेख करना होगा। जैसे नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्म तिथि 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र के अनुसार ही दर्ज करें। इसके अलावा, सक्रिय ई-मेल और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान सभी सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जा सकें। अभ्यर्थियों को फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने होंगे। पासपोर्ट साइज फोटो और डिजिटल हस्ताक्षर को निर्धारित पिक्सल एवं फाइल साइज के अनुसार ही अपलोड करना होगा। फोटो स्पष्ट और अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए। आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र भी पहले से तैयार रखना आवश्यक है। एनसी-ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के निर्धारित प्रारूप में वैध प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। गलत प्रमाणपत्र आवेदन निरस्त होने का कारण बन सकता है।


















