Civil Services Success in Bihar: CM सम्राट चौधरी ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में सिविल सेवा परीक्षा-2025 में सफल बिहार के अभ्यर्थियों से मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में सिविल सेवा परीक्षा-2025 में सफल बिहार के अभ्यर्थियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में बिहार के युवाओं की सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणा स्रोत है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार के लोग जितना आगे बढ़ेंगे, राज्य में उतनी ही समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों से मातृभूमि के प्रति अपने दायित्व को सदैव याद रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चाहे आप देश में कहीं भी रहें और किसी भी स्थान पर अपनी सेवाएं दें, बिहार की चिंता अवश्य करें। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अपनी जन्मभूमि का ऋण चुकाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को और गति देनी है और इसमें नई पीढ़ी का योगदान सबसे अहम होगा। सिविल सेवाओं में चयनित बिहार के युवा अपनी प्रतिभा, अनुभव और प्रशासनिक क्षमता से राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ बिहार के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



















