Independence Day Speech 2026: स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर देना है भाषण तो ऐसे करें शुरुआत

हर साल 15 अगस्त को देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि 15 अगस्त 1947 को भारत को ब्रिटिश शासन से आजादी
हर साल 15 अगस्त को देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि 15 अगस्त 1947 को भारत को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली थी। स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। अगर आप भी स्कूल में Independence Day Speech 2026 देने वाले हैं और भाषण की तैयारी कर रहे हैं, तो यहां अलग-अलग स्तर के छात्रों के लिए 5 शानदार भाषण दिए गए हैं।
इन भाषणों को छात्र अपनी कक्षा और कार्यक्रम के अनुसार छोटा-बड़ा भी कर सकते हैं। भाषण देते समय शब्दों के साथ-साथ आवाज में आत्मविश्वास, देश के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता भी नजर आनी चाहिए।
आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित शिक्षकगण, मेरे प्यारे दोस्तों और सभी उपस्थित अभिभावकों को मेरा नमस्कार। आज हम सभी यहां अपने देश का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। सबसे पहले आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हर साल 15 अगस्त को हम स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं। इसी दिन वर्ष 1947 में हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। यह आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। हमारे देश के बहुत से वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत को आजाद कराने के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में लगा दिया। महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाल गंगाधर तिलक और रानी लक्ष्मीबाई जैसे अनेक महान लोगों ने देश के लिए अपना योगदान दिया।
हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें केवल आजादी ही नहीं दिलाई, बल्कि हमें यह भी सिखाया कि देश सबसे पहले आता है। हमें अपने देश से प्यार करना चाहिए और उसकी एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। आजादी का मतलब केवल यह नहीं है कि हम अपने मन के अनुसार कहीं भी जा सकते हैं या अपनी पसंद का काम कर सकते हैं। आजादी के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। हमें अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। हमें स्कूल में मन लगाकर पढ़ना चाहिए, आसपास सफाई रखनी चाहिए और जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए।

















