Fake Cheese Seized in Ranchi: रांची में 800 KG कथित नकली पनीर जब्त, देसी घी-क्रीम-खोवा भी मिला

रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 800 किलो कथित नकली पनीर जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को रातू रोड स्थित रतन लाल कॉम्प्लेक्स में क
रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 800 किलो कथित नकली पनीर जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को रातू रोड स्थित रतन लाल कॉम्प्लेक्स में की गई, जहां भारी मात्रा में नकली देसी घी, क्रीम और खोवा भी बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि ये खाद्य पदार्थ गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरते। खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि रातू रोड के दुर्गा मंदिर क्षेत्र में कुछ डेयरियों में मिलावटी सामग्री से पनीर तैयार किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में सजल श्रीवास्तव और शिव नंदन यादव जैसे अन्य अधिकारी भी शामिल थे। जब्त की गई खाद्य सामग्री को संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है। नमूनों की विस्तृत जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में मिलने वाला हर सस्ता पनीर असली नहीं होता। मुनाफा बढ़ाने के लिए कुछ लोग दूध की जगह स्किम्ड मिल्क पाउडर, स्टार्च, वनस्पति या पाम ऑयल, सिंथेटिक फैट, डिटर्जेंट जैसे रसायनों का इस्तेमाल कर पनीर जैसा उत्पाद तैयार कर देते हैं। कई बार पुराने या खराब पनीर को दोबारा तैयार कर ताजा बताकर बेचा जाता है। ऐसे पनीर का उपयोग अक्सर होटलों, ढाबों और मिठाई दुकानों में किया जाता है, जिससे यह आम उपभोक्ताओं तक पहुंचता है। त्योहारों के मौसम में मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है।



















