Health Alert in Ranchi: बरसात में खुले में बिक रहे खाने से फैल रहा संक्रमण

रांची में बरसात के मौसम में सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों से स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। राजधानीवासियों में फूड प्वाइजनिंग, टाइफाइड, पीलिया और
रांची में बरसात के मौसम में सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों से स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। राजधानीवासियों में फूड प्वाइजनिंग, टाइफाइड, पीलिया और अन्य संक्रमणों के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। रिम्स और सदर अस्पताल सहित विभिन्न निजी अस्पतालों में ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि दूषित भोजन और गंदे पानी का सेवन इस स्थिति के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है। कई मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। रिम्स के मेडिसिन विभाग के अनुसार, पिछले सप्ताह पीलिया के मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है, साथ ही फूड प्वाइजनिंग, दस्त, उल्टी और तेज बुखार के मरीज भी सामने आ रहे हैं। कुछ मरीजों को गंभीर संक्रमण के कारण न्यूरोलॉजी और क्रिटिकल केयर यूनिट में भी भर्ती किया गया है।
अस्पतालों के चिकित्सकों का कहना है कि बरसात के मौसम में बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ, जो कई घंटों पहले तैयार किए गए होते हैं, उन्हें खाने से संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। राजधानी के विभिन्न इलाकों जैसे कोकर, लालपुर, मेन रोड, सर्कुलर रोड, रातू रोड, डोरंडा और मोरहाबादी में गोलगप्पे, चाट, छोले-भटूरे, ढूसका, पावभाजी, टिक्की, समोसा और जलेबी जैसे खाद्य पदार्थ खुले में बेचे जा रहे हैं। इन स्थानों पर भोजन के आसपास मक्खियों की भरमार रहती है और पीने के पानी और सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। इसके बावजूद, बड़ी संख्या में लोग इन खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जो उनकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।


















