MP Ravi Kishan's Demand in Parliament: एम्स गोरखपुर का विस्तार हो, मिले NIPER का तोहफा

गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने संसद में पूर्वांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई है। उन्होंने लोकसभा में स्वास्थ्य और औषधि शिक्षा से जु
गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने संसद में पूर्वांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई है। उन्होंने लोकसभा में स्वास्थ्य और औषधि शिक्षा से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर देते हुए एम्स गोरखपुर में सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई। सांसद ने कहा कि गोरखपुर में राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (NIPER) की स्थापना भी आवश्यक है। रवि किशन ने लोकसभा में अपने विचार रखते हुए बताया कि एम्स गोरखपुर अब पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के सीमावर्ती जिलों और नेपाल के तराई क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। यहां कैंसर संस्थान, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी, हार्ट सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, किडनी और लिवर प्रत्यारोपण, ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए यह कदम उठाना जरूरी है।
सांसद रवि किशन ने लोकसभा में यह भी कहा कि गोरखपुर में राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि एम्स गोरखपुर और बीआरडी मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों की मौजूदगी के बावजूद पूर्वांचल में फार्मास्यूटिकल शिक्षा, औषधि अनुसंधान और जैव प्रौद्योगिकी के लिए कोई राष्ट्रीय स्तर का संस्थान नहीं है। यह स्थिति विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए एक बड़ी चुनौती है। यदि NIPER की स्थापना होती है, तो इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा और अनुसंधान का अवसर मिलेगा।



















