Health scare in West Bengal: संदेशखाली के स्कूल में 32 छात्राएं अचानक बीमार पड़ीं

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित फूलमणि आदर्श विद्यामंदिर में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब घटना घटी, जब कक्षा नौ की 32 छात्राएं अचानक ब
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित फूलमणि आदर्श विद्यामंदिर में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब घटना घटी, जब कक्षा नौ की 32 छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। इन छात्राओं को सांस लेने में कठिनाई, हाथ-पैर में अकड़न और अन्य शारीरिक समस्याओं की शिकायत के बाद तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मिनाखां ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना ने विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही संदेशखाली के विधायक सनत सरदार भी विद्यालय पहुंचे और कुछ छात्राओं को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। बशीरहाट स्वास्थ्य जिले के उप मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. श्यामल कुमार विश्वास भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डा. विश्वास ने बताया कि कुल 32 छात्राएं प्रभावित हुई थीं, जिनमें से 30 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो छात्राओं को निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती रखा गया है। उनके अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला पैनिक अटैक का प्रतीत होता है। विद्यालय के विद्यार्थियों का कहना है कि पिछले लगभग एक महीने से बीच-बीच में ऐसी घटनाएं हो रही हैं और केवल कक्षा नौ की छात्राएं ही प्रभावित हो रही हैं। इस कारण क्षेत्र में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस कक्षा में यह घटनाएं हो रही हैं, वहां कुछ वर्ष पहले एक छात्रा ने आत्महत्या की थी। हाल ही में उस घटना से जुड़ा एक वीडियो प्रसारित होने के बाद छात्राओं में भय और मानसिक तनाव बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच के सदस्य प्रदीप्त सरकार ने भूत की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि घटना को अलौकिक मानने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि रासायनिक गैस, भोजन या अन्य पर्यावरणीय कारणों की जांच की जानी चाहिए। साथ ही, किसी एक छात्रा में उत्पन्न भय अन्य छात्राओं में फैलने से सामूहिक मानसिक प्रतिक्रिया जैसी स्थिति भी बन सकती है।



















