Surgery on Infant: पूर्वी चंपारण की दो माह की बच्ची की पित्त नली से निकला 12 सेमी का सिस्ट, मिला नया जीवन

मुजफ्फरपुर के केजरीवाल अस्पताल में बाल शल्य चिकित्सा विभाग ने एक दो महीने की बच्ची का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया है। यह बच्ची पूर्वी चंपारण की रहने वाली है
मुजफ्फरपुर के केजरीवाल अस्पताल में बाल शल्य चिकित्सा विभाग ने एक दो महीने की बच्ची का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया है। यह बच्ची पूर्वी चंपारण की रहने वाली है और उसके पेट में जन्मजात 12 सेंटीमीटर आकार का विशाल सिस्ट पाया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, इतनी कम उम्र के शिशु में कॉमन बाइल डक्ट में इतनी बड़ी गांठ होना बेहद दुर्लभ है। मेडिकल लिटरेचर के अनुसार, 10 सेंटीमीटर से बड़े सिस्ट को 'जायंट कोलेडोकल सिस्ट' की श्रेणी में रखा जाता है। इस तरह के मामलों की संख्या भारत में बहुत कम है, और यह बिहार में इस प्रकार का पहला मामला माना जा रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्ची को पूर्वी चंपारण से मुजफ्फरपुर रेफर किया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत विस्तृत जांच की और जटिल शल्य चिकित्सा की योजना बनाई।
डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में, डॉक्टरों की टीम ने बिना किसी देरी के ऑपरेशन किया और पूरे सिस्ट को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला। इसके बाद, हेपाटिको-ड्यूडेनोस्टॉमी तकनीक का उपयोग करते हुए पित्त नली को पुनर्गठित किया गया। इस जटिल सर्जरी के बाद बच्ची अब पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉ. अजय कुमार ने कहा कि यह उनके लिए एक विशेष अनुभव था, क्योंकि उन्होंने पहले भी कई जटिल ऑपरेशन किए हैं, लेकिन इतनी कम उम्र की बच्ची का यह पहला सफल केस है। इस ऐतिहासिक सफलता को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मेडिकल जर्नल्स में प्रकाशित करने की योजना बनाई जा रही है।


















