Road worth crores collapses in Agra: आगरा में करोड़ों की सड़क 4 महीने में धंस गई, 10 फीट का गड्ढा

आगरा शहर के पॉश इलाके कर्मयोगी रोड पर शुक्रवार सुबह अचानक सड़क धंस गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क के बीचों-बीच करीब 5 फुट चौड़ा और 10 फुट गहरा गड्ढा बन
आगरा शहर के पॉश इलाके कर्मयोगी रोड पर शुक्रवार सुबह अचानक सड़क धंस गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क के बीचों-बीच करीब 5 फुट चौड़ा और 10 फुट गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के खिलाफ नाराजगी जताई। यह सड़क करोड़ों रुपए की लागत से करीब चार महीने पहले बनाई गई थी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक महीने के भीतर सड़क धंसने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और काम में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण नई सड़क बार-बार धंस रही है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव नितिन कोहली ने गड्ढे में उतरकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम, जलकल विभाग और निर्माण कार्य से जुड़ी निजी कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया।
नगर निगम, जलकल विभाग और निर्माण एजेंसी के बीच जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण में गड़बड़ी हुई है तो दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने कहा कि सड़क धंसने के कारणों की जांच कराई जा रही है और सुरक्षा के लिहाज से गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है।
















