Amarnath Yatra suspended from August 9: अमरनाथ यात्रा 9 अगस्त से स्थगित, अगले वर्ष होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

अमरनाथ यात्रा, जो अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी, अब 9 अगस्त से स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने यह निर्णय ट्रैक क
अमरनाथ यात्रा, जो अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी, अब 9 अगस्त से स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने यह निर्णय ट्रैक की मरम्मत और खराब मौसम को देखते हुए लिया है। कश्मीर के संभाग आयुक्त अंशुल गर्ग ने जानकारी दी कि यात्रा 9 अगस्त से दोनों मार्गों से निलंबित रहेगी। उन्होंने बताया कि छड़ी मुबारक पारंपरिक पहलगाम मार्ग से गुजरेगी और इस यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा।
अंशुल गर्ग ने कहा कि 3 जुलाई को आरंभ हुई इस 57 दिन चलने वाली यात्रा में अब तक 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) इन मार्गों की मरम्मत का कार्य कर रहा है। इसके अलावा, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों में खराब मौसम की चेतावनी दी है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में 11 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। शनिवार सुबह जम्मू में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
जम्मू क्षेत्र के बड़े हिस्से में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश जारी रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां 26 जुलाई तक बढ़ा दी हैं और अमरनाथ यात्रा के साथ-साथ वैष्णो देवी यात्रा भी रद्द कर दी गई है।














