Treasure hunt reveals 66 kg silver: जयपुर की पुरानी हवेली से 1500 सिक्के और चांदी बरामद

राजस्थान की राजधानी जयपुर के पुराने शहर में खजाने और उसकी चोरी की एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। माणकचौक थाना क्षेत्र में लगभग 10 महीने पहले एक पुरानी हवेली को त
राजस्थान की राजधानी जयपुर के पुराने शहर में खजाने और उसकी चोरी की एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। माणकचौक थाना क्षेत्र में लगभग 10 महीने पहले एक पुरानी हवेली को तोड़कर नया निर्माण किया जा रहा था। इस दौरान ठेकेदार और उसके सहयोगियों को बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के, चांदी की सिल्लियां और अन्य कीमती सामान मिला। आरोप है कि खजाना मिलने के बाद ठेकेदार ने इसे हवेली मालिक को सौंपने के बजाय हड़पने की साजिश रच डाली। हाल ही में पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, हवेली की तुड़ाई के दौरान ठेकेदार और उसके साथ काम कर रहे लोगों को खजाना मिला था। आरोप है कि ठेकेदार ने अपनी टीम के मजदूरों के साथ सांठगांठ कर ली और खजाने को आपस में बांटने की योजना बनाई। इस दौरान लगभग 1500 चांदी के सिक्के बाजार में बेच दिए गए। हालांकि, बड़ी मात्रा में चांदी की सिल्लियां बेचने में आरोपियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक साथ इतनी चांदी बेचने पर शक होने और पकड़े जाने का डर था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब खजाने में कम हिस्सा मिलने से नाराज एक मजदूर ने एक व्यक्ति से बातचीत की। इस बातचीत को रिकॉर्ड कर हवेली मालिक तक पहुंचाया गया। इसके बाद पूरा मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घटना लगभग 10 महीने पुरानी थी। इस दौरान पुरानी हवेली पूरी तरह टूट चुकी थी और वहां नया निर्माण भी हो चुका था। ऐसे में घटनास्थल से तत्काल साक्ष्य जुटाना आसान नहीं था।
इसके बावजूद, माणकचौक थाना पुलिस और DST जयपुर नॉर्थ ने तकनीकी अनुसंधान, मुखबिर तंत्र और निगरानी के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 66 किलो 400 ग्राम बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बरामद चांदी की मौजूदा बाजार कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद खजाने की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। करीब 1500 चांदी के सिक्के अब भी बरामद होना बाकी बताए जा रहे हैं। पुलिस इन सिक्कों की बरामदगी और खजाने से जुड़े अन्य सामान की तलाश में जुटी है।
















