Weather Update in Bihar: 1 अगस्त से मौसम में बदलाव, 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में मानसून का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर होने के साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक उमस भरा मौसम बना रहेगा। मौसम विज्ञा
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में मानसून का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर होने के साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक उमस भरा मौसम बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी बिहार के 12 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान पटना सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा और तेज धूप के कारण उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जैसे स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ आंशिक वर्षा की संभावना जताई गई है।
बुधवार को पटना और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे उमस का प्रभाव महसूस किया गया। रोहतास के तिलौथू में 40.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो कि बुधवार को राज्य में सबसे अधिक रही। इसी दिन पटना सहित 17 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। पटना का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुपौल में यह 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की ट्रफ रेखा श्रीगंगानगर, ग्वालियर, मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा से पुरी होकर गुजर रही है, जिसके प्रभाव से राज्य में वर्षा की गतिविधियों में कमी देखी जा रही है।
















