Weather Alert in Kashmir: अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में मौसम का मिजाज मंगलवार देर शाम से अचानक बदल गया है, जिसके चलते बुधवार को भी मौसम में तीव्रता बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चमी विक्ष
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में मौसम का मिजाज मंगलवार देर शाम से अचानक बदल गया है, जिसके चलते बुधवार को भी मौसम में तीव्रता बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चमी विक्षोभ और मौनसून के प्रभाव के कारण अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मंगलवार शाम तक मौसम शुष्क रहा, लेकिन अचानक उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बांडीपुर जिले के आलूसा इलाके में बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए, जिससे स्थानीय लोगों में अफ़रा-तफ़री मच गई। तेज बारिश के कारण नालों और सिंचाई नहरों में पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया। स्थानीय निवासियों ने खराब ड्रेनेज सिस्टम को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में भी मंगलवार शाम को तेज बारिश के कारण बाढ़ आ गई, जिससे संपत्ति और कृषि भूमि को नुकसान हुआ। बाढ़ के कारण दो गाय के बाड़े बह गए और एक गाय की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाढ़ का कारण जिले में बह रही एक नदी का उफान था, जिसने आसपास के खेतों को भी डुबो दिया। इस बाढ़ के चलते प्रभावित लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। बुधवार को घाटी के ऊपरी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि श्रीनगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में सामान्य से भारी बारिश की चेतावनी दी है।
















