Murder case in Jamnagar: बिजनेस शुरू करने का सपना दिखाकर हत्या की साजिश

गुजरात के जामनगर में 26 महीने पुराने एक मर्डर केस की जांच में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई
गुजरात के जामनगर में 26 महीने पुराने एक मर्डर केस की जांच में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। मृतक जिग्नेश को बिजनेस शुरू करने का सपना दिखाकर एक फैक्ट्री में बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। जांच में यह बात सामने आई है कि जिग्नेश की पत्नी ने अपने पूर्व प्रेमी निलेश के माध्यम से उसे नए बिजनेस में साझेदारी का लालच दिया। इस साजिश के तहत जामनगर के दरेड इलाके में एक फैक्ट्री किराए पर ली गई थी, जिसे हत्या की वारदात के लिए पहले से तैयार किया गया था। पुलिस का कहना है कि हत्या से तीन दिन पहले ही फैक्ट्री परिसर में करीब 13 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया गया था, जिसका उद्देश्य शव को छिपाना था। यह स्पष्ट है कि हत्या की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी।
31 मई की रात जिग्नेश को शराब पार्टी के बहाने फैक्ट्री बुलाया गया। आरोप है कि वहां उसे सायनाइड मिलाकर शराब पिलाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया और फैक्ट्री को खाली कर दिया, ताकि सभी सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद मृतक के परिजनों को गुमराह करने का काम मृतक की पत्नी ने किया। उसने परिजनों को लगातार यही बताया कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में है और वहीं काम कर रहा है। जब परिवार को इस कहानी पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस से दोबारा जांच की मांग की, तब मामले ने नया मोड़ ले लिया।
















