Metro expansion approved: नोएडा के लिए मेट्रो विस्तार परियोजना को मिली मंजूरी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी/नोएडा एक्सटेंशन) में रहने वाले लगभग 5 लाख निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर आई है। लंबे समय से अटकी एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार परिय
ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी/नोएडा एक्सटेंशन) में रहने वाले लगभग 5 लाख निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर आई है। लंबे समय से अटकी एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) से मंजूरी मिल गई है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) की 48वीं बोर्ड बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दी गई। NMRC के प्रबंध निदेशक कृष्ण करुणेश द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव पर बोर्ड की मुहर लगने के बाद अब फाइल अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भेजी जा रही है।
इस प्रोजेक्ट के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 तक 7.5 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड ट्रैक बिछाया जाएगा। इस पूरे रूट पर 5 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 शामिल हैं। इस नए कॉरिडोर के बनने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों से बड़ी मुक्ति मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नोएडा आने-जाने के लिए वर्तमान में लोग कैब, ऑटो, ई-रिक्शा या निजी वाहनों पर निर्भर हैं। इससे यात्रियों को रोजाना 300 से 400 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रा खर्च घटकर 100 से 150 रुपये के बीच रह जाएगा, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को हर महीने भारी आर्थिक राहत मिलेगी।
एनएमआरसी ने इस पूरी परियोजना को 2 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस रूट के निर्माण पर करीब 1500 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण इस प्रोजेक्ट में वित्तीय सहयोग करेंगे।















