Tragic drowning incidents in Purnia: पूर्णिया में मछली पकड़ने गए चार भाइयों में से तीन की डूबकर मौत

बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में पांच बच्चों की मौत हो गई। कसबा प्रखंड में मछली पकड़ने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से जान चली गई,
बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में पांच बच्चों की मौत हो गई। कसबा प्रखंड में मछली पकड़ने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से जान चली गई, जबकि बायसी थाना क्षेत्र में नदी पार करते समय दो चचेरी बहनों की भी मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कसबा प्रखंड के आलमनगर वार्ड संख्या सात में रविवार की सुबह मछली पकड़ने के दौरान 12 वर्षीय मो. मोफिजूल, 10 वर्षीय तफीजूल और 8 वर्षीय सैराजुल की डूबने से मौत हो गई। मृतकों के पिता अलांगीर और अन्य परिवार के सदस्य इस घटना से अत्यंत दुखी हैं। बताया गया है कि अलांगीर के चार पुत्र थे, जिनमें से तीन की एक साथ मौत हो गई।
घटना के समय चारों भाई घर के समीप खगजाना के पास गोदाम के पीछे स्थित चाप में जाल से मछली पकड़ने गए थे। जब एक भाई पानी में डूबने लगा, तो उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य भाई भी गहरे कुंड में चले गए और देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। चौथे भाई ने दौड़कर गांव में परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान चली गई थी।
दूसरी घटना बायसी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम को हुई, जब जाबर गांव की चार बच्चियां मवेशियों के लिए घास लेने गई थीं। लौटते समय बलवाधार के पास नदी पार करते समय वे तेज बहाव की चपेट में आ गईं। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चियों की तलाश शुरू की। हालांकि, दो बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय फरीदा और 15 वर्षीय सागरी के रूप में हुई है। अन्य दो बच्चियों को गंभीर हालत में बचा लिया गया और उन्हें उपचार के लिए भेजा गया।















