Transformer safety enhanced with Telenes unit: ट्रांसफार्मर को जलने से बचाएगी टेलनेस यूनिट
महराजगंज, निज संवाददाता। बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर आई है। अब ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से निजात मिलेगी, क्योंकि हर ट्रांसफार्मर पर टेलनेस यूनिट लगाय
महराजगंज, निज संवाददाता। बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर आई है। अब ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से निजात मिलेगी, क्योंकि हर ट्रांसफार्मर पर टेलनेस यूनिट लगाया जाएगा। यह यूनिट स्पार्क या आग लगने से पहले ट्रांसफार्मर की बिजली सप्लाई बंद कर देगी, जिससे ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहेंगे।
जिले में चार लाख 96 हजार बिजली उपभोक्ता हैं, जिनके घरों और दुकानों को रोशन करने के लिए लगभग 15 हजार ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। हालाँकि, ओवरलोड, ट्रिपिंग और रिसाव के कारण ट्रांसफार्मर अक्सर जलते रहे हैं। एक बार ट्रांसफार्मर जलने पर, विशेषकर गांवों में, बिजली कम से कम दो से तीन दिन तक गुल रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होती है। इस समस्या से निपटने के लिए विद्युत विभाग ने टेलनेस यूनिट लगाने का निर्णय लिया है।
विद्युत विभाग ने एक अगस्त से 25 और 63 केवीए के ट्रांसफार्मर पर टेलनेस यूनिट लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके बाद 100 केवीए, 250 केवीए, 400 केवीए और 630 केवीए के ट्रांसफार्मरों पर भी यह यूनिट लगाई जाएगी। इस प्रक्रिया को सितंबर तक पूरा करने की योजना है।
अवर अभियंता के नेतृत्व में कार्यरत टीम ट्रांसफार्मरों पर टेलनेस यूनिट स्थापित कर रही है। सितंबर तक सभी ट्रांसफार्मरों पर यह यूनिट लग जाने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इंजी. राकेश मोहन, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल महराजगंज ने बताया कि इस पहल से ट्रांसफार्मर जलने की समस्या समाप्त हो जाएगी।















