Water supply projects approved: बिहार में पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, 204 करोड़ से अधिक की 2 परियोजनाओं को मंजूरी

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के अंतर्गत राज्य के दो महत्वपूर्ण शहरों किशनगंज और लखीसराय में प
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के अंतर्गत राज्य के दो महत्वपूर्ण शहरों किशनगंज और लखीसराय में पेयजल की समस्या को हल करने के लिए दो अलग-अलग योजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 204.68 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। योजना के पूरा होने के बाद, इन दोनों शहरों के हजारों परिवारों को बेहतर और नियमित पेयजल सुविधा प्राप्त होगी। नगर विकास एवं आवास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार ने किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के लिए 53.71 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 3,892 नए गृह जल संयोजन, 14 नए बोरवेल, 14 आयरन रिमूवल प्लांट, सात पंप हाउस और पांच नए जलमीनार बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, जलापूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और अन्य आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे, जिससे पूरे शहरी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को मजबूत किया जा सके।
लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के लिए 150.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के तहत 7,168 गृह जल संयोजन प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, 36.119 एमएलडी क्षमता का इंटेक वेल, 35 एमएलडी का जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी), पांच नए जलमीनार, रा और क्लियर वाटर पाइपलाइन, और 212 किलोमीटर से अधिक लंबा जल वितरण नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से किशनगंज और लखीसराय के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा। यह सुनिश्चित करेगा कि शहरों की जलापूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और आधुनिक बने।
















