ED interrogates TMC MLA Madan Mitra: पालिका भर्ती भ्रष्टाचार मामले में टीएमसी विधायक मदन मित्रा से ईडी ने की पूछताछ

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पालिका भर्ती भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक मदन मित्रा से पूछताछ की। यह पूछताछ
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पालिका भर्ती भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक मदन मित्रा से पूछताछ की। यह पूछताछ सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जब विधायक ने कोलकाता स्थित अपने आवास से निकलकर सीधे सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय का रुख किया। ईडी अधिकारियों ने उनसे पालिका भर्ती में कथित अवैध लेनदेन और नियुक्तियों से जुड़े मामलों पर सवाल किए। जांच एजेंसी ने उनसे कुछ दस्तावेज भी मांगे थे, जिन्हें लेकर वह ईडी कार्यालय पहुंचे। मदन मित्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग करेंगे और सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी भी भ्रष्टाचार से जुड़े नहीं हैं और ईडी जिसे चाहे, पूछताछ के लिए बुला सकती है।
मदन मित्रा से पूछताछ से पहले ईडी उनकी पत्नी अर्चना मित्रा और दोनों बेटों से भी पूछताछ कर चुकी है। पिछले सप्ताह बुधवार और गुरुवार को उनके दोनों बेटों ने ईडी कार्यालय में हाजिरी दी थी। इसके बाद शुक्रवार को उनकी पत्नी अर्चना मित्रा भी सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंची थीं। ईडी ने परिवार के सदस्यों से बैंक खातों और कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी है। ईडी के अनुसार, टीटागढ़ पालिका में कथित तौर पर मोटी रकम के बदले 125 लोगों को नौकरी देने का मामला सामने आया था, जिसके चलते कामारहाटी के विधायक मदन मित्रा का नाम भी इस जांच में आया।

















